मुंबई : दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित पुलिसिया अत्याचार और उनकी पिटाई के विरोध में वंचित बहुजन आघाड़ी ने 23 जुलाई को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया है। वंचित बहुजन आघाड़ी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एड. प्रकाश आंबेडकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे अपना असली रंग दिखाने लगे हैं।
एड. आंबेडकर ने कहा, “अगर आप हमारी बात मानते नहीं हो, तो आपको मिटाया जाएगा। यही बात दिल्ली के विद्यार्थियों के साथ भाजपा ने की। छात्रों को पीटा गया, घायल किया गया।”
उन्होंने आगे कहा कि देश में एक “नया जनरल डायर” उभरकर सामने आया है और उसके खिलाफ वंचित बहुजन आघाड़ी तथा अन्य छोटे राजनीतिक दलों ने एकजुट होकर 23 जुलाई को महाराष्ट्र बंद का ऐलान किया है।
एड. प्रकाश आंबेडकर ने महाराष्ट्र की जनता से इस बंद में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी नागरिकों को इस आंदोलन का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा, “सभी से दरखास्त है कि अपने बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए इस बंद में पूरी ताकत से शामिल होइए।”
गौरतलब है कि दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई कार्रवाई को लेकर देशभर में विरोध के स्वर उठ रहे हैं। इसी पृष्ठभूमि में वंचित बहुजन आघाड़ी ने अन्य समविचारी दलों के साथ मिलकर महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया है।



